शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सारंगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने चार माह पुराने लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई मोबाइल, नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। यह कार्रवाई नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर पुराने लंबित मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, बड़े नवापारा निवासी रितेश निषाद ने 5 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह देर रात पिकअप वाहन लेकर बलौदाबाजार जा रहा था। इसी दौरान ग्राम छिंद स्थित आकाश ढाबा के पास ओमप्रकाश उर्फ राजा साहू और उसके साथियों ने उसे रोककर मारपीट की तथा उसका मोबाइल फोन और 18 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे।
शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली सारंगढ़ में अपराध क्रमांक 154/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3), 136(2) और 309(6) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने ओमप्रकाश उर्फ राजा साहू (पिता नरसिंह साहू), निवासी ग्राम गोंढ़ियारी, थाना सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को दबिश देकर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, उप निरीक्षक जगदीश ठाकुर, आरक्षक पुरुषोत्तम राठौर, विमल जांगड़े, मिनिकेतन पटेल, योगेश सहित सिटी कोतवाली पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


