शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे के निर्देश पर अप्रैल से जून तक ग्राम पंचायतों में राजस्व शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को सरिया तहसील के ग्राम पंचायत लिप्ती में शिविर लगाया गया, जहां ग्रामीणों के छोटे-बड़े राजस्व मामलों का मौके पर समाधान किया गया। शिविर में लोगों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली और कई लंबित प्रकरणों का निराकरण कर राहत दी गई।
शिविर के आयोजन को लेकर पहले से ही व्यापक तैयारी की गई थी। रोजगार सहायक संतोष कुमार पटेल ने बताया कि ग्रामीणों को समय पर सूचना देने के लिए कोटवार के माध्यम से मुनादी कराई गई थी, जिससे अधिक से अधिक लोग अपनी समस्याएं लेकर शिविर में पहुंचे। इसका असर यह रहा कि ग्रामीणों ने सक्रियता से भाग लेकर अपने राजस्व संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए।
इस दौरान पटवारी प्रहलाद सिदार, सरपंच संन्यासी सिदार, सचिव दयानिधि देहरी, पूर्व जनपद सदस्य मनोज बारीक, जनपद सदस्य प्रतिनिधि संजय बारीक, रोजगार सहायक संतोष कुमार पटेल, कोटवार सेंतराम नंद सहित पंचायत के अन्य प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा और अन्य जरूरी कार्यों की प्रक्रिया पूरी की।
गौरतलब है कि 13 अप्रैल को सरिया तहसील के नौघटा, पिहरा, लिप्ती और लुकापारा समेत जिले के अन्य तहसीलों के विभिन्न ग्राम पंचायतों में राजस्व शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों में सीमांकन, अविवादित नामांतरण, त्रुटि सुधार, जाति, आय और निवास प्रमाण पत्र सहित कई महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ ग्रामीणों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया, जिससे लोगों का समय और खर्च दोनों बचा।


