शेयर करें...
रायगढ़// रेलवे स्टेशन के बाहर महिला और उसके पति से मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप
पुलिस के अनुसार, 12 फरवरी की रात करीब 7 बजे रेलवे स्टेशन के सामने मोटर पार्किंग क्षेत्र में यह घटना हुई। ग्राम रायपुरा चंगोराभांठा, थाना डीडीनगर रायपुर निवासी पवन यादव अपनी पत्नी पूजा यादव और दो बच्चों के साथ फुग्गा बेचने रायगढ़ आए थे। दोनों स्टेशन के बाहर भोजन बना रहे थे, तभी कुछ लोग गिलास मांगने लगे। मना करने पर गाली-गलौज शुरू हो गई और बात मारपीट तक पहुंच गई। महिला के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई और बीच-बचाव करने आए उसके पति को भी पीटा गया।
मीडिया से जानकारी, तुरंत हरकत में आई पुलिस
मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी को मिली। इसके बाद थाना कोतवाली को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित दंपती से संपर्क कर पूरी जानकारी ली। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 64/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) के तहत मामला कायम किया गया।
चार आरोपी हिरासत में
पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों शशि कुमार पासवान (25), राकेश कुमार पासवान (24), रोशन भारती उर्फ पप्पू (29) और पप्पू पासवान (50) को गिरफ्तार किया। सभी मूल रूप से जिला बेगूसराय (बिहार) के निवासी हैं और वर्तमान में रेलवे कॉलोनी रायगढ़ में रह रहे थे। पीड़ित दंपती ने सभी की पहचान की पुष्टि की।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट, गुंडागर्दी और महिला से दुर्व्यवहार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में तत्काल और कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


