शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// महिला एवं बाल विकास विभाग में एक अधिकारी को तीन परियोजना कार्यालयों का प्रभार दिए जाने को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। जानकारी के अनुसार बिलाईगढ़ परियोजना की परियोजना अधिकारी तेजस्वी ध्रुव को भटगांव और कोसीर परियोजना कार्यालय का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। ऐसे में अब एक ही अधिकारी तीन-तीन कार्यालयों की जिम्मेदारी संभाल रही हैं, जिससे विभागीय कार्यों और शासकीय योजनाओं के संचालन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
क्षेत्र के कई लोगों का कहना है कि एक अधिकारी पर अत्यधिक जिम्मेदारी होने से विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन और आम हितग्राहियों के कार्य प्रभावित हो सकते हैं। आरोप है कि महिला एवं बाल विकास विभाग की कई योजनाएं पहले से ही समयबद्ध संचालन की चुनौती झेल रही हैं, ऐसे में अतिरिक्त प्रभार से कार्यप्रणाली और प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

इसी मुद्दे को लेकर विधायक प्रतिनिधि आदिमजाति कल्याण विभाग, विधानसभा बिलाईगढ़ उज्जैन रात्रे ने बुधवार को कलेक्टर सारंगढ़-बिलाईगढ़ को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि परियोजना भटगांव के कार्यालय का प्रभार डिप्टी कलेक्टर सारंगढ़ या तहसीलदार भटगांव को दिया जाए ताकि प्रशासनिक कार्यों का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि परियोजना अधिकारी तेजस्वी ध्रुव पिछले छह वर्षों से अधिक समय से बिलाईगढ़ परियोजना कार्यालय में पदस्थ हैं। साथ ही यह सवाल भी उठाया गया है कि आखिर कोसीर और भटगांव कार्यालय का अतिरिक्त प्रभार एक ही अधिकारी को किस आधार पर दिया गया। अब देखना होगा कि कलेक्टर कार्यालय इस शिकायत पर क्या रुख अपनाता है और विभागीय व्यवस्था में किसी बदलाव की पहल होती है या नहीं।



You must be logged in to post a comment.