स्वास्थ्य केंद्रों से कर्मचारियों की अटैचमेंट वाले सीएमएचओ के आदेश पर उठे सवाल, शासन अटैचमेंट खत्म करने के पक्ष में, फिर जिला कार्यालय में क्यों बुलाए गए कर्मचारी?

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय द्वारा जारी अटैचमेंट आदेश के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। आदेश के तहत कुछ कर्मचारियों को उनके मूल पदस्थापना स्थल से हटाकर जिला कार्यालय में अटैच किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ में पदस्थ ओम शंकर बनारसी (फार्मासिस्ट ग्रेड-2), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टुंडरी में कार्यरत अमित साहू (ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी) तथा सरसींवा में पदस्थ दीपक साहू (सहायक ग्रेड-3) को जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में अटैच किया गया है। इस निर्णय के बाद विभागीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।

वहीं दूसरी ओर शासन स्तर पर पहले से ही यह निर्देश दिए जा चुके हैं कि अटैचमेंट व्यवस्था को समाप्त कर कर्मचारियों को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर ही कार्य करने दिया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे जनता तक पहुंच सकें। ऐसे में स्वास्थ्य केंद्रों से कर्मचारियों को जिला कार्यालय बुलाए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारों का कहना है कि जिन कर्मचारियों को अटैच किया गया है, वे सीधे तौर पर मरीजों की सेवा और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं। उनके हटने से संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं यह भी सवाल उठ रहा है कि जब जिला कार्यालय में पहले से पर्याप्त स्टाफ मौजूद है तो फिर अतिरिक्त अटैचमेंट की जरूरत क्यों पड़ी।

फिलहाल यह मामला विभागीय चर्चा का विषय बना हुआ है और शासन के निर्देशों के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर इसका असर पड़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

Scroll to Top