पुसौर के शिक्षक सुधीर कुमार प्रधान को मिला राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान, शिक्षा, कला और व्यावसायिक नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से हुए सम्मानित..

शेयर करें...

रायगढ़// पुसौर विकासखंड के लिए यह गौरव की बात है कि शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पुसल्दा के शिक्षक सुधीर कुमार प्रधान को शिक्षा और कला के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से पुसौर सहित रायगढ़ जिले के शिक्षक समुदाय में खुशी का माहौल है।

Join WhatsApp Group Click Here

रायगढ़ के नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत-स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह एवं शैक्षिक संगोष्ठी 2026 में सुधीर कुमार प्रधान को यह सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें शिक्षण में नवाचार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा कला और व्यावसायिक कौशल को बढ़ावा देने के लिए किए गए कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

पढ़ाई के साथ बच्चों को कला से भी जोड़ा

सुधीर कुमार प्रधान ने स्कूल में सिर्फ किताबों तक पढ़ाई को सीमित नहीं रखा। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कला और व्यावसायिक शिक्षा को भी स्कूल की गतिविधियों से जोड़ा। विद्यालय में होने वाले बस्ता विहीन शनिवार यानी बैगलेस डे की गतिविधियों के जरिए बच्चों को अलग-अलग पारंपरिक और आधुनिक कलाओं से परिचित कराया गया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने पॉट पेंटिंग, चित्रकला, वर्ली आर्ट, मधुबनी पेंटिंग और गोंड आर्ट जैसी कलाएं सीखीं।

इन गतिविधियों से बच्चों में रचनात्मकता बढ़ाने के साथ कला के प्रति रुचि और व्यावसायिक कौशल विकसित करने पर भी जोर दिया गया। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखने और विद्यालय के समग्र विकास में भी उनके योगदान का उल्लेख किया गया है।

खुद भी बेहतरीन चित्रकार, दिग्गजों को भेंट कर चुके हैं पोर्ट्रेट

शिक्षक सुधीर कुमार प्रधान शिक्षण के साथ चित्रकला के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान रखते हैं। उन्होंने अपनी कला के जरिए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्वगायक कैलाश खेर के स्वरचित पोर्ट्रेट तैयार कर उन्हें भेंट किए हैं। दोनों हस्तियों द्वारा उनके बनाए पोर्ट्रेट की सराहना किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

पहले भी मिल चुके हैं कई सम्मान

सुधीर कुमार प्रधान को उनके कार्यों के लिए इससे पहले भी अलग-अलग मंचों पर सम्मान मिल चुका है। इसी वर्ष उन्हें विकासखंड स्तरीय यशस्वी पोषण सम्मान, जिला स्तरीय मास्टर कन्हैया लाल गुप्ता स्मृति शिक्षक सम्मान तथा ग्राम तुरंगा स्थित आर्ष गुरुकुल आश्रम तुरंगा की ओर से भी सम्मानित किया जा चुका है। अब राष्ट्रीय स्तर पर मिले सम्मान ने उनकी उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ दी है।

पुसौर के लिए भी गौरव का पल

सुधीर कुमार प्रधान की यह उपलब्धि उनके व्यक्तिगत प्रयास और रचनात्मक कार्यों के साथ-साथ पुसौर विकासखंड और रायगढ़ जिले के लिए भी गौरव की बात मानी जा रही है। उनकी उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, संकुल प्रभारियों एवं समन्वयकों तथा साथी शिक्षकों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सुधीर कुमार प्रधान का मानना है कि कला, संस्कार और शिक्षा के समन्वय से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है। उनकी यह सोच और विद्यालय में किए जा रहे नवाचार ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए नई दिशा देने का काम कर रहे हैं।

Scroll to Top