शेयर करें...
रायगढ़// शहर में खुद को पुलिसकर्मी बताकर बुजुर्ग महिला से सोने की माला झपटने वाले दो आरोपियों को चक्रधरनगर पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की माला और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई रायगढ़ पुलिस द्वारा अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के तहत की गई।
आधार कार्ड जांच के बहाने दिया वारदात को अंजाम
मामले में ग्राम सम्बलपुरी निवासी रेशमी निषाद ने चक्रधरनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह अपनी दादी रामकुंवर निषाद के साथ बस से परसदा चंद्रपुर जाने के लिए निकली थीं। सिग्नल चौक के पास उतरने के बाद दोनों पैदल सारंगढ़ बस स्टैंड की ओर मरीन ड्राइव पंजरी प्लांट मार्ग से जा रही थीं। इसी दौरान स्कूटी में सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए किसी दुर्घटना के संबंध में पूछताछ करने लगे।आरोपियों ने आधार कार्ड दिखाने को कहा और बातों में उलझाकर बुजुर्ग महिला के गले में पहनी सोने की माला झपट ली और स्कूटी से मौके से फरार हो गए।
नाकेबंदी और सीसीटीवी की मदद से पकड़ाए आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने तत्काल नाकेबंदी कराई और पीड़िता से आरोपियों के हुलिए तथा स्कूटी के बारे में जानकारी ली। पुलिस टीम ने आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और फुटेज पीड़िता व उसकी पोती को दिखाए। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
सोने की माला और स्कूटी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से, 14 नग सोने की फोकली, 1 सोने का पदक, काले मोती लगी सोने की माला (कीमत लगभग 85 हजार रुपये), स्कूटी CG 13 AT 9561 (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) बरामद कर जब्त किया है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में चमार सिंह यादव (55 वर्ष) निवासी नवागढ़ राजापारा रायगढ़ और रामकुमार नायक (40 वर्ष) निवासी मधुवन पारा सिटी कोतवाली रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी ; एसएसपी शशि मोहन सिंह
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि शहर में झपटमारी और उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।


