नगर निगम कर्मचारी बनकर ज्वेलर्स से 1.88 करोड़ की ठगी, पहले सोने का बिस्किट देकर जीता भरोसा, फिर करोड़ों के गहने लेकर फरार..

शेयर करें...

रायपुर// राजधानी रायपुर में ज्वेलरी दुकान में करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। सदर बाजार स्थित विधी ज्वेलर्स एंड बुलियन से करीब 1.88 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लेने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है।

Join WhatsApp Group Click Here

आरोप है कि महिला ने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताकर ज्वेलर्स का भरोसा जीता और फिर अपनी साथी के साथ मिलकर कथित तौर पर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। भुगतान के लिए दिए गए चेक पर गलत हस्ताक्षर होने के कारण मामला सामने आया। इस केस में दूसरी महिला आरोपी अभी फरार है।

जानकारी के मुताबिक ज्वेलरी संचालक से ठगी का ये पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक भाठागांव निवासी रिखब बरडिया की सदर बाजार में विधी ज्वेलर्स एंड बुलियन नाम से दुकान है। आरोप है कि 24 अगस्त 2026 को किरण साहू नामक महिला अपनी एक महिला साथी के साथ दुकान पहुंची। उसने खुद को नगर निगम के आवास विभाग में कार्यरत बताया और दुकानदार का विश्वास हासिल किया।

इसके बाद दोनों ने दुकान से करीब 37 लाख रुपये के आभूषण लिए। इनके बदले 250 ग्राम सोने का बिस्किट और 7 लाख रुपये नकद दिए गए, जबकि शेष 15 लाख रुपये के भुगतान के लिए चेक दिया गया। इसके दो दिन बाद, 26 अगस्त को दोनों महिलाएं फिर दुकान पहुंचीं।

इस बार उन्होंने करीब 1.73 करोड़ रुपये के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लिए। भुगतान के लिए 1,73,37,630 रुपये का दूसरा चेक दिया गया। साथ ही दो-तीन दिनों में सोने के बिस्कुट देने का भरोसा भी दिलाया गया। दुकानदार को कथित धोखाधड़ी का पता तब चला, जब उसने 1 सितंबर को 15 लाख रुपये का चेक बैंक में जमा किया। लेकिन चेक पर गलत हस्ताक्षर होने के कारण वह अनादरित हो गया।

इसके बाद दुकानदार ने किरण साहू से संपर्क कर भुगतान की मांग की, लेकिन आरोप है कि वह लगातार टालमटोल करती रही। न तो बकाया राशि का भुगतान किया गया और न ही आभूषणों का हिसाब दिया गया। दुकानदार की शिकायत के मुताबिक, दोनों महिलाओं ने कुल 1,88,37,630 रुपये मूल्य के आभूषण लेकर धोखाधड़ी की।

इसके बाद सिटी कोतवाली थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शिकायतकर्ता से पूछताछ कर आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किरण साहू को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान किरण ने अपनी साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब कथित धोखाधड़ी से प्राप्त आभूषणों के बारे में पूछताछ कर रही है।

दूसरी महिला आरोपी फरार, गहनों की तलाश जारी

करोड़ों के ठगी के इस मामले में शातिर ठग किरण साहू की महिला साथी अब भी पलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और कथित तौर पर ठगी से हासिल किए गए आभूषणों के संबंध में भी जांच जारी है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 61(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी और आभूषणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

Scroll to Top