शेयर करें...
रायपुर// देश में नक्सल उन्मूलन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। बस्तर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक के दौरान अमित शाह ने साफ तौर पर कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने केंद्र का अपेक्षित सहयोग नहीं किया। शाह के इस बयान के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच तीखा राजनीतिक वार-पलटवार शुरू हो गया है।
अमित शाह ने कहा कि नक्सल मुक्त भारत का पूरा श्रेय सुरक्षाबलों की बहादुरी और केंद्र सरकार की रणनीति को जाता है। उन्होंने कहा कि बस्तर में अब सुरक्षा से विश्वास, विश्वास से विकास, विकास से समृद्धि और समृद्धि से संतृप्ति की यात्रा आगे बढ़ेगी, तभी नक्सलवाद का वास्तविक अंत माना जाएगा। गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार लंबे समय से नक्सलवाद के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध थी, लेकिन पूर्व की कांग्रेस सरकार ने उस स्तर पर सहयोग नहीं किया, जिसकी जरूरत थी।
कांग्रेस ने सहयोग नहीं किया: अमित शाह
बस्तर में आयोजित बैठक के दौरान अमित शाह ने कहा कि केंद्र और राज्य एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के कारण ही आज बस्तर नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों ने कठिन परिस्थितियों में अभियान चलाकर नक्सल नेटवर्क को तोड़ा। शाह ने यह भी कहा कि अब सरकार का अगला लक्ष्य इन क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
गृह मंत्री के बयान के बाद भाजपा नेताओं ने भी कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पूर्ववर्ती भूपेश सरकार ने केंद्र सरकार के अभियान को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल राजनीतिक बयानबाजी करती रही, जबकि केंद्र सरकार जमीनी स्तर पर नक्सलवाद खत्म करने की दिशा में काम कर रही थी।
भूपेश बघेल का पलटवार, कहा-अमित शाह झूठ बोल रहे
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अमित शाह के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा से बड़ा झूठ कोई नहीं बोल सकता। भूपेश बघेल ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बस्तर में कई सुरक्षा कैंप खोले गए और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा आज जिन रणनीतियों का श्रेय ले रही है, उनमें से बहुत कुछ कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुआ था। बघेल ने कहा कि नक्सल उन्मूलन को लेकर भाजपा लगातार झूठ बोल रही है और राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस ने झूठ बोलने में पीएचडी की है : सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि झूठ बोलने में कांग्रेस माहिर है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस ने झूठ बोलने में पीएचडी कर रखी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार पहले से नक्सलवाद खत्म करना चाहती थी, लेकिन कांग्रेस सरकार के दौरान समन्वय और इच्छाशक्ति की कमी थी।
सीएम साय ने बस्तर में सुरक्षा कैंपों को सेवाडेरा के रूप में विकसित करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य के करीब 200 सुरक्षा कैंपों में से 70 कैंपों को सेवाडेरा के रूप में विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य केवल सुरक्षा देना नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने बताया कि एक कैंप की शुरुआत सेवाडेरा मॉडल के रूप में की जा चुकी है और आने वाले समय में यह व्यवस्था बस्तर के दूरस्थ इलाकों में विकास का नया केंद्र बनेगी।
नक्सल मुद्दे पर फिर तेज हुई सियासत
नक्सलवाद जैसे संवेदनशील मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी यह बयानबाजी अब सियासी रूप ले चुकी है। एक ओर भाजपा केंद्र सरकार और सुरक्षाबलों की रणनीति को सफलता का आधार बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे राजनीतिक श्रेय लेने की कोशिश करार दे रही है।


