शेयर करें...
मुंगेली// जिले में फरार स्थायी वारंटियों के खिलाफ मुंगेली पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए गए ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत 5 दिनों के भीतर 41 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
रायपुर, बिलासपुर और मुंगेली कोर्ट से जारी थे वारंट
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार वारंटियों के खिलाफ रायपुर, बिलासपुर और मुंगेली न्यायालयों से स्थायी वारंट जारी थे। इनमें चोरी, मारपीट और जेल ब्रेक जैसे मामलों में फरार आरोपी शामिल थे। दो वारंटियों की मृत्यु होने के कारण उनके वारंट अदम तामिल रहे।
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गिरफ्तारी
कार्रवाई के दौरान सिटी कोतवाली मुंगेली से 15, लोरमी से 7, पथरिया से 5, सरगांव से 5, जरहागांव से 4, लालपुर से 2, चिल्फी से 1, चौकी साकेत से 1 और खुडिया से 1 वारंटी गिरफ्तार किया गया। थाना पथरिया और फास्टरपुर-सेतगंगा क्षेत्र के एक-एक वारंटी की मृत्यु की पुष्टि होने पर वारंट निष्पादित नहीं हो सके।
2019 का जेल ब्रेक आरोपी भी पकड़ाया
सिटी कोतवाली मुंगेली की टीम ने वर्ष 2019 में जिला जेल मुंगेली से फरार हुए स्थायी वारंटी इंदल उर्फ इंद्रध्वज निवासी सिलतरा, थाना लोरमी को भी गिरफ्तार किया। इसके अलावा चोरी और मारपीट के मामलों में फरार आरोपियों को भी पकड़कर जेल भेजा गया। रायपुर कोर्ट से जारी दो और बिलासपुर कोर्ट से जारी एक स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालयों में पेश किया गया।
साइबर सेल और मुखबिरों की अहम भूमिका
इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, मयंक तिवारी और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र की मदद ली गई। सभी थाना और चौकी प्रभारियों की सक्रिय भूमिका रही। मुंगेली पुलिस ने साफ किया है कि फरार आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।


