रात में सड़क पर उतरी पुलिस, 50 से ज्यादा वाहनों पर चालानी कार्रवाई, यातायात नियम पालन करने दी गई समझाइश..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क हादसों के साथ-साथ अपराधों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने रात में विशेष जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शर्मा के निर्देश पर सारंगढ़ के भारत माता चौक में चलाए गए इस अभियान में 50 से अधिक वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई।

Join WhatsApp Group Click Here

रात्रिकालीन जांच अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल और आरआई जितेंद्र चंद्रा के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस टीम ने सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, जरूरी दस्तावेज साथ रखने और वाहन चलाते समय नियमों का पालन करने की अपील की।

इसी दौरान कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में भी विशेष कार्रवाई की गई। पुलिस ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना जरूरी दस्तावेज वाहन चलाने और तेज रफ्तार में बाइक चलाने वालों पर कार्रवाई की। साथ ही थाना परिसर में चौपाल लगाकर लोगों को यातायात नियमों और कानून व्यवस्था के प्रति जागरूक किया गया।

थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने लोगों को समझाते हुए कहा कि चालानी कार्रवाई का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि सड़क पर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें। वाहन चालक हेलमेट का इस्तेमाल करें, वाहन के जरूरी कागजात साथ रखें और तेज रफ्तार से वाहन चलाने से बचें।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात के लिए पुलिस के साथ आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है। यातायात नियमों का पालन करने से सड़क हादसों को कम किया जा सकता है। जिले में यातायात व्यवस्था सुधारने और अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Scroll to Top