नाबालिग वाहन चालकों पर पुलिस की सख्ती, तीन दिन में 52 मामलों में ₹84 हजार का जुर्माना..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने तीन दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान बिना वैध उम्र के वाहन चलाते पाए गए नाबालिगों के मामलों में उनके अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 52 प्रकरणों में कुल 84 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय के निर्देशन में जिला यातायात सेल द्वारा यह अभियान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया। अभियान के दौरान नाबालिग वाहन चालकों को रोककर उनके अभिभावकों को मौके पर बुलाया गया और उन्हें मोटर वाहन अधिनियम के नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में बच्चों को वाहन नहीं देने की समझाइश दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाना कानून का उल्लंघन है। इससे न केवल बच्चों की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। अभियान के दौरान 29 जुलाई को 20 मामलों में 20 हजार रुपये, 30 जुलाई को 22 मामलों में 44 हजार रुपये तथा 31 जुलाई को 10 मामलों में 20 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। इस तरह तीन दिनों में कुल 52 मामलों में 84 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

कार्रवाई के साथ-साथ यातायात पुलिस ने विभिन्न स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर विद्यार्थियों तथा अभिभावकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में दोबारा नाबालिग वाहन चलाते पाए गए, तो संबंधित अभिभावकों के विरुद्ध और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला यातायात पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने के लिए न दें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने से ही संभव है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

Scroll to Top