शेयर करें...
मुंगेली // मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के लक्षनपुर में रविवार को धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 6 सरगांव निवासी ब्रिजेश शर्मा ने थाना पथरिया में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 24 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे वार्ड क्रमांक 1 लक्षनपुर स्थित सत्यम सिंह के मकान में लोगों की भीड़ जुटी थी। वहां भजन-कीर्तन के बहाने हिन्दू समाज के लोगों को इकट्ठा कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रलोभन दिया जा रहा था।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि सत्यम सिंह बार-बार लोगों से कह रहा था कि हिन्दू धर्म व्यर्थ है, उनके देवी-देवता कुछ नहीं कर सकते और प्रभु यीशु ही कल्याण का रास्ता हैं। इस दौरान वह हिन्दू परिवारों से ईसाई धर्म अपनाने की अपील कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की। थाना प्रभारी लक्ष्मण खुंटे की टीम ने आरोपी सत्यम सिंह पिता भगवंता सिंह, उम्र 50 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 1 लक्षनपुर पथरिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 182/2025 दर्ज किया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 4 के तहत केस पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।