शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// सरसीवां क्षेत्र में अवैध जुए के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। 22 मार्च को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम अमलीडीह के जंगल में दबिश देकर जुआ खेलते हुए 4 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जबकि कुछ जुआरी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, जंगल के भीतर कुछ लोग ताश पत्ती से “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे थे। सूचना मिलते ही थाना सारसींवा पुलिस ने हमराह स्टाफ एवं गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई को अंजाम दिया।
मौके से 71 हजार रुपये नगद सहित जुआ सामग्री जब्त
पुलिस ने मौके से कुल ₹71,000 नगद, 52 पत्तों की ताश तथा एक पीले रंग का प्लास्टिक तिरपाल जब्त किया। कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विजय बंजारे (37 वर्ष), निवासी अमलीडीह, बृजलाल रत्नेश (56 वर्ष), निवासी गुडपार, हेमलाल पटेल (63 वर्ष), निवासी गाताडीह, राजू जांगड़े (42 वर्ष), निवासी हसौद, जिला शक्ति शामिल है। वहीं, पुलिस को देखते ही कुछ अन्य जुआरी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक वीणा यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। टीम में सउनि पैंकरा, प्रधान आरक्षक गजानंद स्वर्णकार, अनिरुद्ध वैरागी, आरक्षक हेगवरण चौरगे एवं प्रकाश भारद्वाज का विशेष योगदान रहा।
अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


