कार की चेकिंग में पुलिस को मिला 75 लाख नकद, ओडिशा के 2 आरोपी गिरफ्तार..

शेयर करें...

महासमुंद// जिले में पुलिस की नियमित वाहन जांच के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक कार से 75 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। कार में सवार दो युवक इस रकम से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने पूरी रकम जब्त कर ली है।

Join WhatsApp Group Click Here

यह कार्रवाई कोमाखान थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस के अनुसार वाहन चेकिंग के दौरान ओडिशा के खरियार रोड की ओर से रायपुर की तरफ आ रही एक सफेद रंग की होंडा कार संदिग्ध लगी। कार का नंबर OD 05 PB 2122 था। पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की और वाहन की तलाशी ली।

दो युवक कार में थे सवार

कार चला रहे युवक ने अपना नाम राजेन्द्र महानंद (27 वर्ष) बताया, जो ओडिशा के बलांगीर जिले के मुंडापला गांव का निवासी है। वहीं कार में उसके साथ बैठे दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम महाप्रज्ञ जैन (47 वर्ष) बताया, जो ओडिशा के ही कांटाबांजी क्षेत्र के डेली मार्केट वार्ड नंबर 2 का रहने वाला है।दोनों से जब कार में रखे सामान और यात्रा के उद्देश्य के बारे में पूछताछ की गई तो उनके जवाबों से पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली।

बैग में मिले 75 लाख रुपये

तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट पर रखे एक नीले रंग के बैग में बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। पुलिस ने जब बैग खोला तो उसमें 500 रुपये के नोटों के 150 बंडल मिले। प्रत्येक बंडल में 100-100 नोट थे। इस तरह कुल 75 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई।पुलिस ने दोनों युवकों से इस रकम के संबंध में दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में कार चालक ने बताया कि यह रकम रायपुर के सोना-चांदी के व्यापारियों की है और उसे करीब 60 व्यापारियों को यह पैसा पहुंचाना था।

नकदी सहित 85 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त

हालांकि रकम से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिलने के कारण पुलिस ने नकदी जब्त कर ली। इसके साथ ही कार और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए। पुलिस के अनुसार नकदी, वाहन और मोबाइल सहित कुल 85 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी राशि कहां से लाई गई थी और इसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।

आयकर विभाग करेगा जांच

पुलिस ने इस मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी है। अब आयकर विभाग की टीम पूरे मामले की जांच करेगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि यह रकम वैध स्रोत से आई है या नहीं और इसके पीछे कोई अवैध लेन-देन तो नहीं है।

Scroll to Top