शेयर करें...
रायगढ़// शहर में सराफा दुकानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सक्रिय कदम उठाए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस कंट्रोल रूम में एडिशनल एसपी अनिल सोनी ने सराफा व्यापारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक का मकसद व्यापारियों के साथ समन्वय बनाकर संभावित अपराधों को पहले ही रोकना था।
एडिशनल एसपी ने बताया कि एक दिन पहले शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर फुट पेट्रोलिंग के दौरान व्यापारियों से चर्चा की गई थी। उसी कड़ी में विस्तृत बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था के जरूरी बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने साफ कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल घटना के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध की संभावना को पहले ही खत्म करना है।
सीसीटीवी और रिकॉर्डिंग पर खास जोर
बैठक में सामने आया कि कई दुकानों में कैमरे तो लगे हैं, लेकिन रिकॉर्डिंग व्यवस्थित नहीं हो रही। इस पर एडिशनल एसपी ने सभी प्रतिष्ठानों के अंदर और बाहर अच्छी गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने और नियमित रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुकान में कंट्रोल रूम, थाना प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया। चेहरा ढककर आने वाले ग्राहकों से शालीनता से चेहरा दिखाने का अनुरोध करने और सभी कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने की सलाह दी गई।
संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें
बिना बिल के जेवर बेचने आने वाले लोगों या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई। निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने वाले व्यापारियों से संबंधित एजेंसी की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि जरूरत पड़ने पर सत्यापन किया जा सके।
आग से सुरक्षा और परिवहन में सतर्कता
दुकानों में अग्निशमन उपकरण रखने और कर्मचारियों को उसका प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया। फायर ब्रिगेड का नंबर उपलब्ध रखने की सलाह दी गई। एडिशनल एसपी ने एक और अहम बिंदु उठाया। कई व्यापारी जेवर घर से लाना-ले जाना करते हैं। ऐसे में एक ही समय और एक ही रास्ते का नियमित उपयोग न करने की सलाह दी गई।
पुलिस और व्यापारियों का समन्वय
कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल ने सुझाव दिया कि पूर्व कर्मचारियों की जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध कराई जाए। व्यापारियों ने पेट्रोलिंग मजबूत करने, चौक-चौराहों के कैमरों को दुरुस्त करने और तेज रफ्तार बाइक चालकों पर कार्रवाई की मांग रखी। पुलिस ने बताया कि शहर के कैमरों का सर्वे कराया जा रहा है और सुधार की प्रक्रिया जारी है। संदिग्ध और तेज रफ्तार वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। बैठक में सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सुंदर गर्ग, सचिव राहुल सोनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने पुलिस पहल की सराहना की और सहयोग का भरोसा दिलाया।
एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस व्यापारियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। सुरक्षा उपायों को मजबूत कर अपराध की संभावनाओं को समाप्त करना प्राथमिकता है और व्यापारियों के सहयोग से सुरक्षित व्यापारिक माहौल सुनिश्चित किया जाएगा।


