57 लाख के घोटाले में फरार लिपिक को पुलिस ने दबोचा, समिति प्रबंधक की पहले ही हो चुकी है गिरफ्तारी..

शेयर करें...

रायपुर// धोखाधड़ी मामले में फरार चल रहे लिपिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 57 लाख के गबन मामले में ये कार्रवाई हुई है। मामला बेमेतरा जिले के मुरता सेवा सहकारी समिति से जुड़ा है, जहां किसानों से धोखाधड़ी और 57 लाख रुपए से ज्यादा की शासकीय राशि के गबन के मामले में नवागढ़ पुलिस ने फरार आरोपी लिपिक अमित साहू को गिरफ्तार किया है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाश पिछले करीब दो महीने से हो रही थी, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल रहा था। गुप्ता सूचना के आधार पर दो माह से फरार चल रहे लिपिक को पुलिस ने धर दबोचा है। आपको बता दें कि इस मामले में तत्कालीन प्रभारी समिति प्रबंधक राजेन्द्र पांडेय को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

अमित साहू को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, मुरता निवासी खोरबहरा साहू की शिकायत पर मुरता सेवा सहकारी समिति में 30 जून 2022 से 31 मार्च 2023 के बीच 57 लाख 1 हजार 454 रुपए के गबन का मामला दर्ज किया गया था।

शिकायत में तत्कालीन प्रभारी समिति प्रबंधक राजेन्द्र पांडेय और लिपिक अमित साहू पर मिलीभगत कर किसानों से धोखाधड़ी और शासकीय संपत्ति के गबन का आरोप लगाया गया था।मामले में पुलिस ने 14 जुलाई को राजेन्द्र पांडेय को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था।

वहीं फरार चल रहे आरोपी लिपिक अमित साहू को पुलिस ने 5 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई एसपी त्रिलोक बंसल के निर्देश पर एएसपी डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी भूषण एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक दुलेश्वर चंद्रवंशी और पुलिस टीम ने की।

Scroll to Top