रास्ता रोककर लूट और हत्या के प्रयास का मामला, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपी किया गिरफ्तार..

शेयर करें...

मुंगेली// पुलिस को रास्ता रोककर लूट और हत्या के प्रयास की एक वारदात में बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुंगेली-लोरमी मार्ग तिराहे पर युवक से मारपीट कर सोने का लॉकेट लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। त्वरित कार्रवाई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच से पुलिस ने आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

Join WhatsApp Group Click Here

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, सुबह के समय मुंगेली-लोरमी मार्ग तिराहे के पास ताम्रज सिंह को तीन युवकों ने रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने पहले उनके साथ मारपीट की, फिर गले में पहना हुआ सोने का लॉकेट छीना-झपटी कर लूट लिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उनकी मोटरसाइकिल के हेडलाइट को पत्थर मारकर तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल थाने पहुंचकर अज्ञात तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

त्रिनयन एप से मिली बड़ी मदद

जांच के दौरान बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग द्वारा तैयार ‘त्रिनयन’ एप में दर्ज सीसीटीवी कैमरों की मदद ली गई। आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद संदेहियों की पहचान की गई। पुलिस ने आशीष शिवारे (29), यशवंत रावते (27) और देवेश सोनी (24) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनके पास से ‘ऊं’ लिखा सोने का लॉकेट और घटना से संबंधित मोबाइल जब्त किया गया। तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मारपीट कर लूट और डकैती से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Scroll to Top