शेयर करें...
मुंगेली// जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिटी कोतवाली क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त करते पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई भारत सरकार के नशा मुक्त भारत पखवाड़ा अभियान और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत की गई।
स्कूल मैदान में ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी
17 फरवरी को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बी.आर. साव स्कूल मैदान में तीन युवक ब्राउन शुगर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। जिसमें पुलिस ने मौके से अजय देवांगन (40 वर्ष), शिक्षक नगर, मुंगेली, कृष्ण कमल डाहिरे (22 वर्ष), पड़ाव चौक, मुंगेली, कोमल यादव (22 वर्ष), खर्रीपारा, मुंगेली को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 11 पैकेट में कुल 14.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 65,000 रुपये है।
मोबाइल और मोटरसाइकिल भी जब्त
कार्रवाई में आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन और एक एनएस पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 09 JF 5822) भी जब्त की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में सामने आया कि झझपुरी खुर्द निवासी किशोर ध्रुव और अमित साहू ने फोन पे के माध्यम से 30,000 रुपये भेजकर ब्राउन शुगर मंगवाई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 60/26 धारा 21 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर 18 फरवरी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की अवैध नशा तस्करी या बिक्री की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। मुंगेली पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।


