शेयर करें...
रायगढ़// नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन आघात के तहत भूपदेवपुर पुलिस ने ग्राम बिंजकोट में गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4.110 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा बिक्री में सहयोग करने वाले दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर मेन रोड के पास घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति प्लास्टिक बोरी में गांजा लेकर ग्राम बिंजकोट से दर्रामुड़ा की ओर पैदल जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक और प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिंजकोट मेन रोड के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदेही धनेश्वर कुम्हार (62 वर्ष), निवासी बिंजकोट कुम्हारडीपा को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसकी प्लास्टिक बोरी से खाकी टेप में लिपटे गांजे के चार पैकेट मिले। तौल कराने पर कुल 4.110 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में धनेश्वर ने गांजा बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में सामने आया दूसरे आरोपी का नाम
विवेचना के दौरान धनेश्वर से पूछताछ में ग्राम दर्रामुड़ा निवासी ठाकुर प्रसाद पटेल (39 वर्ष), पिता राम प्रसाद पटेल की गांजे की खरीदी-बिक्री में संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, उसने भी अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से गांजा बिक्री की रकम 500 रुपये बरामद कर जब्त की गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दोनों भेजे गए जेल
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना भूपदेवपुर में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। बाद में दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस गांजे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पतासाजी कर रही है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के निर्देश पर एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव तथा डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव, प्रधान आरक्षक संजय तिर्की तथा आरक्षक संदीप मिश्रा, अशोक चौहान, बोधराम सिदार, प्रदीप तिवारी, संतोष जायसवाल और हेतराम सिदार शामिल रहे। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और नशे के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


