शेयर करें...
कबीरधाम// कवर्धा में पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों के आंदोलन को लेकर मंगलवार को तनाव की स्थिति बन गई। डिप्टी सीएम विजय शर्मा के कार्यालय के बाहर पिछले 12 दिनों से धरने पर बैठे अभ्यर्थियों को पुलिस ने वहां से हटा दिया। प्रदर्शनकारियों को राजमहल चौक स्थित निर्धारित धरना स्थल पर भेजा गया। इस दौरान अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच जमकर तनातनी भी हुई।
दरअसल, पुलिस भर्ती के अभ्यर्थी 1600 रिक्त पदों पर वेटिंग लिस्ट के जरिए भर्ती किए जाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। पिछले 12 दिनों से डिप्टी सीएम विजय शर्मा के कार्यालय के बाहर उनका धरना चल रहा था। मंगलवार को पुलिस ने उन्हें कार्यालय के बाहर से हटाने की कार्रवाई की। प्रदर्शनकारियों को हटाने के दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच बहस और तनातनी की स्थिति बनी। इसके बाद पुलिस ने अभ्यर्थियों को राजमहल चौक स्थित निर्धारित धरना स्थल पर भेज दिया।
धरना स्थल बदला, मांग पर कायम अभ्यर्थी
डिप्टी सीएम कार्यालय के बाहर से हटाए जाने के बाद भी अभ्यर्थियों ने आंदोलन खत्म करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जगह बदलने से उनकी मांग नहीं बदलेगी। अभ्यर्थी 1600 रिक्त पदों की वेटिंग लिस्ट जारी होने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े हुए हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में रिक्त रह गए पदों को वेटिंग लिस्ट के जरिए भरा जाना चाहिए। अब प्रदर्शनकारी सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग कर रहे हैं। मंगलवार की कार्रवाई के बाद भी अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है।


