28 फरवरी को किसानों के खातों में पहुंचेगा धान का बोनस, सरकार ने जारी किया आदेश..

शेयर करें...

रायपुर// छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने साफ कर दिया है कि 28 फरवरी की दोपहर किसानों के बैंक खातों में धान की अंतर राशि यानी बोनस सीधे ट्रांसफर कर दी जाएगी। यह भुगतान कृषक उन्नति योजना के तहत किया जाएगा और राशि सीधे DBT के माध्यम से किसानों के खातों में पहुंचेगी।

Join WhatsApp Group Click Here

25 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ

सरकार के आदेश के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में करीब 25 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान खरीदी की गई है। 31 जनवरी को धान खरीदी प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है, हालांकि कुछ किसानों को अतिरिक्त समय भी दिया गया था। इस वर्ष धान की खरीदी प्रति एकड़ 21 क्विंटल की सीमा तक की गई और भुगतान ₹3100 प्रति क्विंटल के हिसाब से किया गया। समर्थन मूल्य के अतिरिक्त जो अंतर राशि बनती है, वही किसानों को बोनस के रूप में दी जाएगी।

10 हजार करोड़ सीधे खातों में

सरकार लगभग 10 हजार करोड़ रुपए सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेगी। कैबिनेट में पहले ही निर्णय लिया गया था कि होली से पहले किसानों को एकमुश्त भुगतान किया जाएगा। अब 28 फरवरी की तारीख तय कर दी गई है। इस भुगतान से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी नई रफ्तार आने की उम्मीद है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार पिछले दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के तहत लगभग 25 हजार करोड़ रुपए की अंतर राशि किसानों को दी जा चुकी है। इस वर्ष के 10 हजार करोड़ जोड़ने के बाद कुल भुगतान करीब 35 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा।

किसानों को इन बातों का रखना होगा ध्यान

  • बैंक खाता आधार से लिंक होना जरूरी है।
  • धान बिक्री का पंजीकरण विवरण सही होना चाहिए।
  • मोबाइल नंबर अपडेट रहे ताकि भुगतान की सूचना मिल सके।
  • केवल समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसान ही पात्र होंगे।
Scroll to Top