शेयर करें...
रायगढ़// जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुसौर और पूंजीपथरा थाना क्षेत्र से 5 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम कठली में बड़े तालाब की मेड़ पर खुड़खुड़िया (झंडी-मुंडी) जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि दिनेश कुमार चौधरी (35), उमाकांत निषाद (25) और कमलेश निषाद (19) को गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान 1,000 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन, खुड़खुड़िया गोटी, झंडी-मुंडी पट्टी और बांस की टोकरी जब्त की गई।
इसी अभियान के तहत पूंजीपथरा थाना पुलिस ने सुनील इस्पात, चिराईपानी के पास स्टाइगर जुआ खेलाते हुए पंकज शर्मा (27) और रिषभ बाजपेई (23) को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 500 रुपये नकद और स्टाइगर गोटियां बरामद हुईं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भी जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में जुआ और सट्टे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी ने कहा कि युवाओं को गलत रास्ते पर ले जाने वाले ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जुआ-सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


