सारंगढ़ में eDAR/iRAD का एक दिवसीय प्रशिक्षण, सड़क हादसों की जांच होगी तेज और पारदर्शी

शेयर करें...

सारंगढ़–बिलाईगढ़// जिले में सड़क दुर्घटनाओं की जांच को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस विभाग ने एक अहम कदम उठाया है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में eDAR/iRAD को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले के सभी थाना प्रभारी और CCTNS प्रभारी शामिल हुए।

Join WhatsApp Group Click Here

यह प्रशिक्षण पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, अविनाश मिश्रा, एसडीपीओ स्नेहिल साहू और उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस की उपस्थिति रही।

कार्यशाला में eDAR यानी इलेक्ट्रॉनिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट पोर्टल की जानकारी दी गई। यह पोर्टल सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की पहल है, जिसके माध्यम से पुलिस, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और बीमा कंपनियां एक ही प्लेटफॉर्म पर जुड़कर काम करेंगी। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में पीड़ितों को जल्द न्याय और समय पर मुआवजा दिलाना है।

प्रशिक्षण eDAR के तकनीकी स्टाफ दुर्गा प्रसाद प्रधान, एनआईसी द्वारा दिया गया। इसमें बताया गया कि दुर्घटना के बाद जांच अधिकारी मौके से ही मोबाइल ऐप के जरिए घटना का पूरा विवरण पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। इससे पीड़ितों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी, वहीं मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल में मामलों का निपटारा भी तेजी से हो सकेगा।

कार्यशाला में यह भी बताया गया कि eDAR पोर्टल पर एकत्रित आंकड़ों के आधार पर दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों की पहचान आसान होगी, जिससे भविष्य में हादसों को रोकने की ठोस रणनीति बनाई जा सकेगी।

इसके साथ ही प्रशिक्षण के दौरान राहवीर योजना और हिट एंड रन मामलों के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि सड़क हादसे में घायल की मदद करने वाले राहवीरों को 25 हजार रुपये नकद और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

प्रशिक्षण शिविर में सभी थाना प्रभारियों और CCTNS प्रभारियों को पोर्टल पर लॉग-इन से लेकर फाइनल रिपोर्ट सबमिट करने तक की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस नई व्यवस्था से सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बढ़ेगी और पीड़ितों को समय पर राहत मिल सकेगी।

Scroll to Top