घर छोड़ने के बहाने महिला से गैंगरेप, रात में अकेली देख बिगड़ी नीयत, 7 युवकों ने बारी-बारी से किया दुष्कर्म..

शेयर करें...

जांजगीर-चांपा// छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक भयावह सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। चांपा थाना क्षेत्र में देर रात अकेली लौट रही एक तीस वर्षीय महिला को सात युवकों ने घर छोड़ने का झांसा देकर सुनसान जगह ले जाकर हैवानियत की हदें पार कर दीं। हालांकि, जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के महज 24 घंटे के भीतर सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह वारदात समाज में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न लगाती है, लेकिन पुलिस की तत्परता से पीड़ित को जल्द न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।

Join WhatsApp Group Click Here

कैसे हुई दरिंदगी?

पीड़ित महिला (30), जिसका कोई सहारा नहीं है और जो मंदिर परिसर में रहकर घरेलू काम से अपना गुजारा करती है, 28-29 सितंबर की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच अपने ठिकाने लौट रही थी। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार सात युवक वहां पहुंचे। ये सभी युवक एक सांस्कृतिक कार्यक्रम से वापस अपने घर जा रहे थे। अकेली महिला को देखकर उनकी नीयत बिगड़ गई। उन्होंने महिला को सुरक्षित घर छोड़ने का झांसा दिया और उसे बाइक पर बिठा लिया। झांसे में आई महिला को वे चांपा बाजार के चबूतरे के पास एक सुनसान जगह ले गए। वहां, इन सभी सातों युवकों ने बारी-बारी से महिला के साथ गैंगरेप किया और घिनौनी करतूत को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी ने खोले राज

दरिंदगी के बाद आरोपी महिला को वहीं छोड़कर भाग गए। किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़िता चांपा थाने पहुंची और पूरी आपबीती सुनाकर शिकायत दर्ज कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने उस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में तीन बाइकों पर सात युवक दिखाई दिए, जिनकी पहचान करना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण था।

SDOP यदुमणि सिदार के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में सभी युवकों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पीड़िता से भी उनकी शिनाख्त कराई गई।

सातों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(1) और 87 के तहत केस दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए सातों आरोपी चांपा के वार्ड नंबर 13-14 और घोघरा गांव के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप मनहर (19), शिवम बंजारे (19), कृष्ण खूंटे (19), अनिल महिलांगे (19), सूरज टंडन (19), दीपेश कुमार कुर्रे (19) और शानू मीरझा (19) के रूप में हुई है। इन सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं।

Scroll to Top