अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रायगढ़ पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों का किया सम्मान, “हेलो सिस्टर” महिला पुलिस टीम का गठन कर हेल्पलाइन नंबर जारी..

शेयर करें...

रायगढ़// अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला पुलिस रायगढ़ द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में वर्षभर अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में चयनित कर सम्मानित किया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और अनिल विश्वकर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी प्रभात कुमार पटेल, उत्तम प्रताप सिंह, सिद्धांत तिवारी, सुशांतो बनर्जी तथा आर.आई. अमित सिंह उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका सम्मान किया।

महिला पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना

इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने महिला पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज महिलाएं पुलिस, सेना और अन्य कई क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं, जिन्हें पहले पुरुष प्रधान माना जाता था। उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मी नारी सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश दे रही हैं। उन्होंने इस अवसर पर सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए “हेलो सिस्टर” टीम का गठन

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ पुलिस की ओर से “हेलो सिस्टर” नाम से एक विशेष महिला पुलिस टीम के गठन की घोषणा की। इस एक्सक्लूसिव टीम का नेतृत्व डीएसपी उन्नति ठाकुर करेंगी। टीम के लिए 9479270533 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जिले में कहीं से भी कोई महिला पीड़ित इस नंबर पर कॉल कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेगी। कॉल मिलने पर टीम तत्काल पीड़ित महिला से संपर्क कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगी। इस टीम में डीएसपी उन्नति ठाकुर के साथ महिला थाना प्रभारी और अन्य महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है।

केक काटकर मनाया महिला दिवस

कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने केक काटकर महिला दिवस का उत्सव मनाया और विभाग के प्रति अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।

इन महिला पुलिसकर्मियों को किया गया सम्मानित

इस अवसर पर निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, उप निरीक्षक वीणा साहू, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक जेनिपा पन्ना, महिला आरक्षक अनिता बेक, ममता साहू, मेनका चौहान, सुप्रिया सिदार और श्यामा सिदार सहित अन्य महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

Scroll to Top