शेयर करें...
बिलासपुर// बिलासपुर शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसीसीयू और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ओडिशा से संचालित इस गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में पांच आरोपी ओडिशा के रहने वाले हैं, जबकि एक स्थानीय सहयोगी बिलासपुर का निवासी है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्कूटी भी जब्त कर ली है।
महिलाओं को बनाते थे निशाना
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि 15 जून की सुबह तोरवा क्षेत्र की शिवधाम कॉलोनी निवासी संजू कुमारी अपने घर के बाहर सफाई कर रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार तीन युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान सिरगिट्टी क्षेत्र में भी महिला से मारपीट कर चेन लूटने की घटना सामने आई। दोनों मामलों के सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों की गतिविधियों का विश्लेषण करने पर पुलिस को एक ही गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी मिली।
सीसीटीवी और मुखबिरों की मदद से मिला सुराग
पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में बिना नंबर की नीली स्कूटी पर घूम रहे संदिग्ध युवक दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम सिरगिट्टी के गणेश नगर पहुंची, जहां स्थानीय युवक नवीन साहू को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में नवीन साहू ने पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया। उसने बताया कि वह ओडिशा से अपराधियों को बुलाकर अपने घर में ठहराता था और उनके लिए काम व अन्य व्यवस्थाएं करता था। इसके बाद सभी मिलकर शहर में चेन स्नेचिंग और लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।
अलग-अलग राज्यों में सक्रिय था गिरोह
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य विभिन्न राज्यों में जाकर स्थानीय संपर्कों के जरिए ठहरने और वारदात की तैयारी करते थे। आरोपी पहले शहर में महिलाओं की रेकी करते थे और फिर सुबह के समय अकेली या घर के बाहर मौजूद महिलाओं को निशाना बनाते थे। वारदात के लिए बिना नंबर की स्कूटी का इस्तेमाल किया जाता था, ताकि पुलिस की निगाह से बचा जा सके। पूछताछ में आरोपियों ने तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में हुई तीन चेन स्नेचिंग की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने जिन छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें शामिल हैं शिव सिंह (28), राउरकेला, सुंदरगढ़ (ओडिशा), शक्ति प्रसाद (20), सुंदरगढ़ (ओडिशा), प्रमोद सिंह (30), रायभोगा, सुंदरगढ़ (ओडिशा), अतुल मुंडा (18), उदितपुर (ओडिशा)
बसंता खड़िया (20), संबलपुर (ओडिशा)
नवीन साहू (32), गणेश नगर, सिरगिट्टी (बिलासपुर)। पुलिस के अनुसार गिरोह के तीन अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
संगठित अपराध की धाराओं में हुई कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट, चेन स्नेचिंग, आपराधिक षड्यंत्र और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।बिलासपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपने मोहल्ले या क्षेत्र में बाहर से आकर रहने वाले व्यक्तियों की जानकारी संबंधित थाने में अवश्य दें। किरायेदारों का सत्यापन कराने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है।


