शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// जिले में बुनियादी पुलिसिंग को मजबूत करने, अपराधों पर लगाम लगाने और अवैध प्रवासियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में जिले के सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकार साथी शामिल हुए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी पत्रकारों से आत्मीय परिचय किया और पुलिस महानिर्देशक के निर्देशानुसार जिले की कानून-व्यवस्था व अपराध नियंत्रण के लिए चलाई जा रही मुहिम में सकारात्मक सहयोग प्रदान करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई:
बेसिक पुलिसिंग पर जोर
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने बेसिक पुलिसिंग को जिला पुलिस की प्राथमिक कार्यप्रणाली बनाने पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस महानिदेशक द्वारा कानून-व्यवस्था को लेकर दिए गए दिशा-निर्देशों के पालनार्थ अपराधों की प्रभावी रोकथाम, त्वरित एवं निष्पक्ष अन्वेषण और कड़े अपराध नियंत्रण पर जोर दिया।
बीट पुलिसिंग को मजबूत करने पर बल
जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए हर बीट प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र के अपराधियों और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों को आम जनता से सीधा जुड़ाव और निरंतर संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
यातायात सुरक्षा पर कड़ा रुख
जिले की यातायात व्यवस्था को सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं के ग्राफ को न्यून स्तर पर लाने का एक बड़ा संकल्प लिया गया। इसके तहत बिना हेलमेट के वाहन चालकों को किसी भी स्थिति में पेट्रोल न देने का सख्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाएगी और उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई करेगी। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर उनके अभिभावकों के विरुद्ध विधिवत कार्यवाही की जाएगी।
सामुदायिक पुलिसिंग पर विशेष ध्यान
जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य व्यक्तियों का सहयोग लेकर कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। थाना स्तर पर साप्ताहिक बैठक कर आम जनता की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए गए।
समाज के संवेदनशील समूहों की सुरक्षा पर फोकस
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने समाज के संवेदनशील समूहों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने जिले के सभी थानों में महिलाओं की सुरक्षा व सहायता के लिए ‘महिला डेस्क’ को सक्रिय करने और जिला स्तर पर ‘परिवार परामर्श केंद्र’ के माध्यम से पारिवारिक विवादों के त्वरित निवारण के निर्देश दिए।
आपातकालीन रिस्पांस और आपदा प्रबंधन की तैयारी
जिले में किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए पुलिस की तैयारियों को पुख्ता करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए जिले में तैनात 10 ‘डायल 112’ की टीम को हर समय अलर्ट मोड पर रखने को कहा गया है, जिससे जरूरत पड़ने पर नागरिकों को तत्काल राहत और सुरक्षा प्रदान की जा सके।
इस दौरान अवैध प्रवासियों की जानकारी हेतु 1800 233 1905, नशे से समबन्धित सूचना हेतु 1933 (मानस पोर्टल) जारी टोल फ्री नंबर की जानकारी दी गई। इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे, एसडीओपी स्नेहिल साहू, उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस सहित जिले के सभी प्रमुख न्यूज़ चैनलों, समाचार पत्रों और वेब पोर्टल्स के पत्रकार साथी उपस्थित रहे।


