नए एसपी सुनील शर्मा एक्शन मोड में, पहली ही बैठक में दिए सख्त निर्देश..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के नए पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने पदभार संभालते ही कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। मंगलवार को उन्होंने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक लेकर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

Join WhatsApp Group Click Here

बैठक के दौरान एसपी ने कानून व्यवस्था, लंबित मामलों, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और जिले में अपराध नियंत्रण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र की प्रमुख चुनौतियों की जानकारी ली और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सक्रिय पुलिसिंग पर जोर दिया।

बैठक में एसपी सुनील शर्मा ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और पुलिस पर उनका विश्वास सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने तथा लोगों की शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने फरार और वांछित आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, गंभीर अपराधों के शीघ्र निराकरण तथा अवैध शराब, सट्टा, जुआ और अन्य असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। थाना स्तर पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय, एसडीओपी सारंगढ़ स्नेहिल साहू, एसडीओपी बिलाईगढ़ विजय कुमार ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय संतोषी ग्रेस, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित जिले के सभी थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। नए एसपी के पदभार ग्रहण करते ही हुई इस पहली समीक्षा बैठक को जिले में अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि आने वाले दिनों में जिले में अवैध गतिविधियों पर पुलिस किस तरह की कार्रवाई करती है।

Scroll to Top