नारियल की खेती से नई राह : कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने शिव प्रसाद प्रधान के फार्म का किया निरीक्षण..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया तहसील अंतर्गत बुदबुदा ग्राम पंचायत के नवापारा (छोटे) गांव में पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक प्रयोग अब जिले के लिए मिसाल बनता जा रहा है। रिटायरमेंट के बाद खेती को नया रूप देने वाले शिव प्रसाद प्रधान के नारियल फार्म का आज बुधवार को कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे ने दौरा कर निरीक्षण किया। कलेक्टर ने खेत में लगे नारियल की खेती और उसके साथ की जा रही क्रॉस फॉर्मिंग को नजदीक से देखा और इसे किसानों के लिए लाभकारी मॉडल बताया।

Join WhatsApp Group Click Here

रिटायरमेंट के बाद खेती में नया प्रयोग

दिसंबर 2023 में असिस्टेंट वेटनरी फील्ड ऑफिसर पद से रिटायर हुए शिव प्रसाद प्रधान ने खेती को ही अपनी नई पहचान बनाया। उन्होंने 3 एकड़ जमीन में नारियल की खेती शुरू की, जो इस क्षेत्र में कम देखने को मिलती है। इस पूरे प्रयास में उनके बेटे सानंद प्रधान भी पूरी सक्रियता के साथ जुड़े हुए हैं। पिता-पुत्र मिलकर खेत को आधुनिक फार्म के रूप में विकसित कर रहे हैं।

नारियल के साथ क्रॉस फॉर्मिंग से आमदनी

नारियल के पौधों के बीच खाली जगह को उपयोग में लाते हुए गेंदा, धनिया और अरबी की खेती की जा रही है। कृषि और उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस क्रॉस फॉर्मिंग से अब आमदनी भी शुरू हो चुकी है। गेंदा फूल की बिक्री से त्वरित आय मिल रही है, वहीं नारियल भविष्य में स्थायी आमदनी का मजबूत जरिया बनने की उम्मीद जगा रहा है।

कलेक्टर ने की सराहना

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संजय कन्नौजे ने किसान शिव प्रसाद और सानंद से चर्चा की और कहा कि यदि वैज्ञानिक पद्धति से खेती की जाए तो पारंपरिक फसलों के साथ नई फसलों से बेहतर लाभ लिया जा सकता है। उन्होंने कृषि और उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस तरह के सफल प्रयोगों को अन्य किसानों तक पहुंचाया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान आधुनिक खेती की ओर कदम बढ़ाएं।

युवाओं के लिए प्रेरणा बना फार्म

शिव प्रसाद प्रधान का फार्म अब सिर्फ खेती तक सीमित नहीं रह गया है। गांव और आसपास के इलाकों से युवा यहां पहुंचकर नारियल और क्रॉस फॉर्मिंग की जानकारी ले रहे हैं। शिव प्रसाद का कहना है कि सही देखभाल और तकनीक के साथ खेती की जाए तो गांव में रहते हुए भी अच्छी और स्थायी आमदनी संभव है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संजय कन्नौजे के साथ जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, एसडीएम वर्षा बंसल, डिप्टी कलेक्टर, डॉ अवधेश पाणीग्राही बीएमओ बरमकेला, अजय पटेल सीईओ जनपद पंचायत बरमकेला, सरिया तहसीलदार कोमल साहू सहित अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी और स्थानीय पंचायत के प्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं पंचायत बनने के बाद बुदबुदा पंचायत में किसी कलेक्टर के पहली बार दौरा कार्यक्रम होने की वजह से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा और अपने कलेक्टर से मिलने बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे।

Scroll to Top