पुसौर में खुलेगा नया सिविल अस्पताल; सीएचसी को अपग्रेड करने का प्रोजेक्ट निरस्त, बड़ी आबादी को नहीं आना पड़ेगा रायगढ़..

शेयर करें...

रायगढ़// जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है। लोगों को उनके गांव के पास ही इलाज की सुविधा देने के लिए ही अस्पतालों का उन्नयन किया जा रहा है। पुसौर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन करने का प्रोजेक्ट निरस्त करके उससे भी बेहतर करने की मंजूरी दी गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

मिली जानकारी के मुताबिक पुसौर में अब 100 बिस्तर का सिविल अस्पताल खुलने जा रहा है। पूर्व में प्रशासन ने पुसौर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को ही 100 बिस्तर अस्पताल के रूप में अपग्रेड करने के लिए मंजूरी दी थी। इसके लिए 19 करोड़ रुपए मंजूर किए गए थे। ड्रॉइंग और डिजाइन भी एप्रूव हो गई थी। इसके बाद समीक्षा में पाया गया कि सिविल अस्पताल का प्रोजेक्ट 26 करोड़ में तैयार हो जाता है।

इसके बाद कलेक्टर ने सीजीएमएससी से चर्चा की। उन्होंने पुराने प्रोजेक्ट को निरस्त कर सौ बिस्तर का सिविल अस्पताल मंजूर करवाया। साथ ही पूर्व में मंजूर 17 करोड़ में से तीन करोड़ से सीएचसी का जीर्णोद्धार करवाया जा रहा है। पुसौर के बोरोडीपा चौक के पास पांच एकड़ जमीन देखी गई है। यहां सौ बिस्तर के सिविल अस्पताल बनाया जाना है। इस तरह से पुसौर में सिविल अस्पताल के साथ-साथ सीएचसी भी चलेगा। जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को इलाज मिल सकेगा।

बड़ी आबादी को नहीं आना पड़ेगा रायगढ़

वर्तमान में पुसौर क्षेत्र से बड़ी आबादी को इलाज के लिए रायगढ़ ही आना पड़ता है। छोटी-छोटी परेशानी में भी रायगढ़ के अस्पतालों पर निर्भरता थी। अब ऐसा नहीं होगा। पुसौर क्षेत्र सघन आबादी वाला है। इस लिहाज से सिविल अस्पताल बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। मंजूरी के बाद जल्द ही टेंडर भी किया जाएगा।

Scroll to Top