शेयर करें...
बीजापुर// छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी बौखलाहट का हिंसक चेहरा दिखाया है। मोदकपाल थाना क्षेत्र के चिन्नाकोडेपाल गांव में बीती रात नक्सलियों ने गांव के पूर्व सरपंच की निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद नक्सलियों ने उनका शव गांव के रास्ते में फेंक दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है।
हालांकि, इस नृशंस वारदात की अधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस द्वारा नहीं की गई है, लेकिन ग्रामीणों ने सुबह शव को देखकर पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है और मामले की जांच की जा रही है।
सुरक्षाबलों की कार्रवाई से बौखलाए नक्सली
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में लगातार चल रही सुरक्षाबलों की सघन कार्रवाई से नक्सली बुरी तरह बौखला गए हैं। बीते कुछ महीनों में जवानों ने कई बड़े नक्सली लीडर्स को मार गिराया है, जिससे संगठन में अफरातफरी का माहौल है। इसी बौखलाहट में नक्सली अब निर्दोष ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को निशाना बना रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम गांव में डेरा डाले हुए है और इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है।



