शेयर करें...
रायगढ़// ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी पुसौर जनपद के टिनमिनी गांव की होनहार बेटी नम्रता गुप्ता ने संगीत के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ में आयोजित 17वें दीक्षांत समारोह में नम्रता ने एमपीए गायन सत्र 2023–24 में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर राज्यपाल रामेन डेका के हाथों 5 स्वर्ण पदक हासिल किए। इस उपलब्धि से न सिर्फ उनका गांव बल्कि पूरा जिला गौरवान्वित हुआ है।

बचपन से संगीत से जुड़ाव
नम्रता का जन्म एक कृषक परिवार में हुआ। उनके पिता सदानंद गुप्ता और माता ज्योत्स्ना गुप्ता ने हमेशा बेटी को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। नम्रता ने प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही प्राप्त की और हाई स्कूल व हायर सेकेंडरी की पढ़ाई अभिनव विद्या मंदिर पुसौर से की। पिता स्वयं संगीत गायन-वादन से जुड़े रहे, जिससे बचपन से ही नम्रता का रुझान संगीत की ओर रहा। पिता ही उनके पहले गुरु बने और घर में ही संगीत की मजबूत नींव रखी।
पुसौर के संजीव कसेर के मार्गदर्शन में नम्रता को आगे बढ़ने का सही दिशा मिली और खैरागढ़ में उच्च शिक्षा का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्हीं के प्रयासों से नम्रता का दाखिला इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में हुआ। इसके साथ ही ग्राम कोतासुरा निवासी डमरूधर मालाकार से सुर, लय और ताल की बारीकियां सीखीं, जो उनकी सफलता की मजबूत कड़ी साबित हुईं।
शुरू से ही रही मेधावी छात्रा
नम्रता पढ़ाई में शुरू से अव्वल रही हैं। संगीत की उच्च शिक्षा में उन्होंने नेट परीक्षा उत्तीर्ण की और गजल गायकी के क्षेत्र में नेशनल स्कॉलरशिप भी हासिल की, जिसे एक बड़ी उपलब्धि माना जाता है। वर्तमान में नम्रता दुधाधारी बजरंग महिला महाविद्यालय में संगीत विषय की असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दे रही हैं और साथ ही बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी से पीएचडी भी कर रही हैं।
गांव और अंचल में खुशी का माहौल
पांच स्वर्ण पदक मिलने पर माता-पिता ने इसे अपनी तपस्या का फल बताया। उन्होंने कहा कि बेटी की मेहनत और लगन ने आज उन्हें यह सम्मान दिलाया है। नम्रता की इस शानदार सफलता से टिनमिनी गांव सहित पूरे पुसौर अंचल में खुशी और गर्व का माहौल है। नम्रता गुप्ता आज ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं।



You must be logged in to post a comment.