शेयर करें...
मुंगेली// जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम फरहदा में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। बहन से बातचीत करने के शक को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक की जान चली गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, फरहदा निवासी अर्जुन साहू (20 वर्ष) ने 3 फरवरी को थाना जरहागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि करीब दो से ढाई माह पहले गांव के जयपाल उर्फ कल्लू साहू को इस बात का शक था कि कोमल साहू उसकी बहन से बात करता है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी विवाद हुआ था और रंजिश बनी हुई थी।
2 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे खरवोरवा तालाब पार के पास जयपाल ने अर्जुन और कोमल को रोककर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उसके साथ मौजूद हितेश उर्फ हरिओम कश्यप ने अपने पास रखे बटनदार चाकू से हमला कर दिया। अर्जुन के पेट और हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई, जबकि कोमल साहू (19 वर्ष) के पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को तत्काल जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 19/26 धारा 103 (1), 109, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू और खून लगे कपड़े जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बहन से बातचीत के संदेह में वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने हितेश उर्फ हरिओम कश्यप (18 वर्ष 10 माह) निवासी बजरंगपारा जरहागांव और जयपाल उर्फ कल्लू साहू (20 वर्ष) निवासी फरहदा को 3 फरवरी को गिरफ्तार कर 4 फरवरी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले में 25 और 27 आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।


