शेयर करें...
मुंगेली// छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ, मुंगेली के जिलाध्यक्ष अजीत बघेल का गुरुवार शाम आकस्मिक हृदयाघात (हार्ट अटैक) से निधन हो गया। उन्होंने 2 जुलाई 2026 को शाम लगभग 5:30 बजे मुंगेली स्थित लाइफ लाइन हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकारिता जगत, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
अजीत बघेल लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे और छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के मुंगेली जिलाध्यक्ष के रूप में पत्रकारों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रहे थे। उनके सरल स्वभाव, सक्रिय कार्यशैली और संगठन के प्रति समर्पण के कारण वे पत्रकारों के बीच बेहद लोकप्रिय थे।
उनके निधन पर पत्रकारों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न वर्गों के लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। सभी ने उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस अपूरणीय क्षति पर शोक जताया है।
अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम मानपुर (जेठूकापा), जिला मुंगेली में 3 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 10:00 बजे किया जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।


