शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// जिले के भटगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुबनकला गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान का छज्जा अचानक गिरने से मां और बेटे की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार श्याम सुंदर बंजारे अपनी मां ननकी भूरी के साथ निर्माणाधीन मकान के छज्जे के नीचे बैठे थे। इसी दौरान अचानक छज्जा भरभराकर गिर गया। दोनों संभल पाते उससे पहले ही भारी मलबा उन पर आ गिरा।
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और मलबा हटाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा निर्माण की तकनीकी कमजोरी से हुआ या किसी अन्य कारण से।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत से मधुबनकला गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।


