अडानी प्रोजेक्ट के खिलाफ गरजा रायगढ़! जंगल कटाई पर यूथ कांग्रेस का हल्लाबोल, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन..

शेयर करें...

रायगढ़// मुड़ागांव के जंगलों की कटाई को लेकर रायगढ़ में विरोध तेज हो गया है। महाजेंको प्रोजेक्ट के लिए हो रही भारी पेड़ कटाई और ग्रामीणों की अनदेखी के खिलाफ यूथ कांग्रेस ने शहर में जबरदस्त प्रदर्शन किया और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अडानी और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

Join WhatsApp Group Click Here

यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश पांडेय ने स्पष्ट कहा कि रायगढ़ पहले ही देश के सबसे प्रदूषित जिलों में गिना जाता है, इसके बावजूद राज्य सरकार अडानी को जंगल सौंपने पर तुली है। उन्होंने कहा कि अब चुप बैठने का वक्त नहीं, यदि विनाशकारी कटाई पर तुरंत रोक नहीं लगी तो अडानी के दफ्तर का घेराव किया जाएगा।

क्या है पूरा मामला:
दरअसल, बीते गुरुवार को तमनार ब्लॉक के मुड़ागांव में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गांव को सील कर जंगलों की कटाई शुरू की गई। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के विरोध करने पर उन्हें हिरासत में ले लिया गया। बताया जा रहा है कि ये कटाई गारे-पेलमा सेक्टर 2 कोल ब्लॉक के लिए की जा रही है, जिसे महाजेंको को आवंटित किया गया है और इसका संचालन अडानी इंटरप्राइजेज द्वारा किया जा रहा है।

फर्जी ग्रामसभा और वनाधिकार कानून की अनदेखी!
ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन सामुदायिक वनाधिकार के तहत आती है और बिना असली ग्रामसभा की सहमति के जंगलों की कटाई नियमों के खिलाफ है। पेशा एक्ट का भी उल्लंघन हुआ है। ग्रामीणों ने जंगल कटाई को वनवासियों के अधिकारों पर हमला बताया है।

प्रदूषण से पहले ही बेहाल है रायगढ़
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि रायगढ़ जिले में पहले से ही वायु प्रदूषण के कारण चर्म रोग, दमा और थायराइड जैसी बीमारियों में भारी इजाफा हुआ है। ऐसे में और अधिक औद्योगिक प्रोजेक्ट्स इस जिले को रहने लायक नहीं छोड़ेंगे। यूथ कांग्रेस ने इसे “विकास के नाम पर विनाश” करार दिया।

जमकर गरजे यूथ नेता
राकेश पांडेय ने चेतावनी दी कि यदि जंगल कटाई नहीं रुकी तो जिलेभर में उग्र आंदोलन होगा और कलेक्टर ऑफिस समेत अडानी के ऑफिस का घेराव किया जाएगा। उन्होंने सरकार पर उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने और आम जनता को कुचलने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन में ये रहे शामिल:
प्रदर्शन में प्रभात पटनायक, आरिफ हुसैन, सौरभ अग्रवाल, सत्यप्रकाश शर्मा, अनुराग गुप्ता, तरुण गोयल, रितेश शर्मा, नितिन शर्मा, शाकिब अनवर, अभिषेक शर्मा, जग्गू ठाकुर, गौरव साव, संदीप पांडेय, मनीष ओझा, आदेश कश्यप, बलराम गोंड, आरिफ नियारिया सहित कई युवा कार्यकर्ता मौजूद थे।


टैग्स:
#रायगढ़समाचार #मुड़ागांवजंगलकटाई #अडानीविवाद #यूथकांग्रेसप्रदर्शन #पर्यावरणसंरक्षण #महाजेंकोअडानीसांठगांठ #रायगढ़विकासविवाद #जंगलबचाओ #छत्तीसगढ़राजनीति #ग्रामीणविरोध #अडानीघेराव #जंगलपरजनता #पर्यावरणकेनामपरविनाश

Scroll to Top