ऑपरेशन “शंखनाद” में बड़ी कार्रवाई: 7 मवेशी तस्कर गिरफ्तार, 18 गौवंश किए गए मुक्त..

शेयर करें...

रायगढ़// गौवंश संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत रायगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 7 मवेशी तस्करों को गिरफ्तार कर 18 गौवंश को मुक्त कराया है। दो पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में यह कार्रवाई थाना घरघोड़ा और लैलूंगा पुलिस द्वारा की गई।

Join WhatsApp Group Click Here

घरघोड़ा थाना की कार्रवाई: दो पिकअप से 10 गौवंश बरामद

2 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कुडूमकेला क्षेत्र में दो पिकअप वाहनों (CG-13-AK-5603 एवं CG-13-AQ-7900) में 10 गौवंश को रस्सियों से बांधकर बिना चारा-पानी के ले जाया जा रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर पांच आरोपियों आत्माराम चौहान, शंभुसाय पैंकरा (जशपुर), संतोष कुमार राठिया, विजय कुमार मांझी और बुधराम राठिया (जिला रायगढ़) को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कब्जे से 10 बैल, 10 रस्सियां और परिवहन में प्रयुक्त दो महिंद्रा पिकअप वाहन जब्त किए गए। पशु चिकित्सक से परीक्षण कर मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 75/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और 11 के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

लैलूंगा पुलिस की सतर्कता: 8 गौवंश को उड़ीसा ले जाते पकड़े गए आरोपी

3 मार्च को होली ड्यूटी के दौरान पेट्रोलिंग कर रही लैलूंगा पुलिस को सूचना मिली कि तोलमा-जरलापारा मार्ग से दो व्यक्ति 8 गौवंश को मारते-पीटते उड़ीसा की ओर ले जा रहे हैं। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गिरधारी साव ने टीम के साथ घेराबंदी कर आरोपी गोपी यादव (45 वर्ष) और सुकरू लकड़ा को हिरासत में लिया। उनके कब्जे से लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य के 8 गौवंश जब्त किए गए।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत प्रकरण दर्ज कर रिमांड पर भेजा गया।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिले में गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। अवैध परिवहन और तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध गौवंश परिवहन में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है।

Scroll to Top