सरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई : दो दिनों में 38 किलो से अधिक गांजा जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार; उड़ीसा से जशपुर-धरमजयगढ़ तक फैला था नेटवर्क..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 38 किलो 150 ग्राम से अधिक गांजा जब्त कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में पुलिस ने कार और मोटरसाइकल समेत लाखों रुपये के वाहन भी जब्त किए हैं। दोनों मामलों में आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में बिक्री करने की फिराक में थे।

Join WhatsApp Group Click Here

कंचनपुर बेरियर में कार से 30 किलो 835 ग्राम गांजा जब्त

पहली कार्रवाई 19 मई 2026 को ग्राम कंचनपुर बेरियर मेन रोड के पास की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से एक सफेद रंग की स्वीफ्ट डिजायर कार में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है और उसके आगे एक अन्य डिजायर कार पायलटिंग कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम बबलू चौहान निवासी जशपुर, दिलशाद अंसारी निवासी पत्थलगांव और बलदेव यादव निवासी लैलूंगा बताया। तलाशी लेने पर स्वीफ्ट डिजायर कार से 30 पैकेटों में भरा 30 किलो 835 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस जांच में आरोपियों ने पूछताछ के दौरान उड़ीसा के बौद्ध क्षेत्र से गांजा खरीदकर जशपुर और पत्थलगांव क्षेत्र में बिक्री करने की योजना स्वीकार की। मामले में दो कार, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री सहित करीब 18 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है।

थाना सरिया के सामने बाइक सवार से 8 किलो 315 ग्राम गांजा बरामद

दूसरी कार्रवाई 20 मई की रात थाना सरिया के सामने मेन रोड पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक व्यक्ति टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल में गांजा लेकर रायगढ़-धरमजयगढ़ की ओर जा रहा है। मुखबिर सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार रवि प्रसाद सिदार निवासी धरमजयगढ़ को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास रखे नीले रंग के बैग से 8 पैकेटों में भरा 8 किलो 315 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी ने पूछताछ में उड़ीसा के सोनपुर-बौद्ध क्षेत्र से गांजा खरीदकर छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बिक्री करने की बात स्वीकार की।

मामले में पुलिस ने करीब 80 हजार रुपये कीमत का गांजा और 1.50 लाख रुपये कीमत की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

उड़ीसा से छत्तीसगढ़ तक सक्रिय गांजा तस्करी नेटवर्क पर पुलिस की नजर

लगातार दो दिनों में हुई इन कार्रवाइयों से यह साफ हो गया है कि उड़ीसा से छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों तक गांजा तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।

Scroll to Top