ऑपरेशन बाज के तहत जरहागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 80 पाव अवैध देशी शराब के साथ दो आरोपी भेजे गए जेल..

शेयर करें...

मुंगेली// जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत जरहागांव पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 80 पाव देशी प्लेन शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में थाना जरहागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की।

नाकाबंदी में पकड़े गए आरोपी

2 मार्च को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद ग्राम पथरिया मोड़ के पास नाकाबंदी की गई। जांच के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 L 0538 को रोका गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अजय साहू (27) और राहुल साहू (23), निवासी झझपुरी खुर्द नवापारा थाना जरहागांव, बताए।

तलाशी लेने पर एक बैग और थैले से कुल 80 नग देशी प्लेन मदिरा (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद हुई। कुल मात्रा 14.400 बल्क लीटर और कीमत करीब 6,400 रुपये आंकी गई। परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत 40,000 रुपये है, भी जब्त की गई। कुल जब्ती लगभग 43,200 रुपये की बताई गई है।

वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके

पुलिस ने आरोपियों से शराब रखने और परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 34/26 दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

नशे के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि इस तरह की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Scroll to Top