पुतला दहन के दौरान बड़ा हादसा, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष शुभम बाजपेयी आग में झुलसे, इलाज जारी..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सारंगढ़ के भारत माता चौक में मंगलवार को आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्रदर्शन के बीच अचानक आग भड़कने से जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष शुभम बाजपेयी गंभीर रूप से झुलस गए। कार्यक्रम युवा कांग्रेस द्वारा भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के विरोध में आयोजित किया गया था। इस प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया जा रहा था।

Join WhatsApp Group Click Here

अचानक भड़की आग, मचा हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुतला दहन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान की स्थिति बनी हुई थी। इसी बीच आग अचानक तेज हो गई और शुभम बाजपेयी उसकी चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि उनके चेहरे पर आग लग गई। आग से बचने के लिए वे सड़क की दूसरी ओर दौड़े, जहां एक वाहन से टकराकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तत्काल पानी डालकर आग बुझाई। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राथमिक इलाज के बाद रेफर

घायल अवस्था में उन्हें तुरंत सारंगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसआरके हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूत्रों के अनुसार उनका चेहरा, कान और हाथ गंभीर रूप से झुलसे हैं। चिकित्सक स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

अस्पताल में जुटी भीड़

हादसे की खबर फैलते ही एसआरके हॉस्पिटल में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की भीड़ लग गई। स्थानीय विधायक उत्तरी जांगड़े, जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने दूरभाष के माध्यम से स्वास्थ्य की जानकारी ली और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

यह प्रदर्शन जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष शुभम बाजपेयी और एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। बताया जा रहा है कि अभिषेक शर्मा भी आग की चपेट में आकर आंशिक रूप से झुलसे हैं। फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है। प्रशासन और संगठन दोनों की ओर से आगे की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

अस्पताल पहुंचे चंद्रदेव राय एवं ताराचंद देवांगन

आग में झूलसे युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष शुभम वाजपेई से मिलने पूर्व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ताराचंद देवांगन एवं अल्पसंख्यक के जिला अध्यक्ष शाहजहां खान श्री राधा कृष्ण हॉस्पिटल सारंगढ़ पहुंचे। उन्होंने शुभम वाजपेई से मिलकर उनका हाल जाना और उन्हें जल्द से जल्द स्वस्थ लाभ मिले इसकी कामना की। उक्त दोनों नेताओं ने NSUI के जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा के निवास पहुंचकर मुलाकात कर उनका भी हाल जाना। इस दौरान उन्होंने कहा भाजपा सरकार के विरोध में हमारे युवाओं के जज्बे को सलाम है। यह एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन था ऐसे प्रदर्शन पूर्व में भी हुए हैं। पूरा कांग्रेस संगठन युवाओं के साथ है।

Scroll to Top