नाव से हो रही थी शराब तस्करी, सरिया पुलिस ने 135 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी को दबोचा..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महानदी के रास्ते नाव से शराब तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 135 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब और तस्करी में प्रयुक्त नाव जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 47 हजार रुपये बताई जा रही है।

Join WhatsApp Group Click Here

महानदी के रास्ते हो रही थी शराब तस्करी

जानकारी के अनुसार जिले के पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय और उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस के मार्गदर्शन में सरिया थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार पेट्रोलिंग कर रही थी।

इसी दौरान 16 मार्च को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा के महुलपाली घाट से एक व्यक्ति नाव में बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब लेकर ग्राम तोरा की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम महानदी के किनारे ग्राम तोरा घाट पहुंची और घेराबंदी कर नाव में आ रहे व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम वीरेंद्र माझी (32 वर्ष) निवासी महुलपाली थाना रेंगाली जिला झारसुगुड़ा (ओडिशा) बताया।

750 पाउच महुआ शराब बरामद

पुलिस ने नाव की तलाशी ली तो उसमें रखी पांच बोरियों से 750 पाउच कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। प्रत्येक पाउच में 180 मिलीलीटर शराब भरी हुई थी। इस तरह कुल 135 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 27 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त नाव भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सरिया में अपराध क्रमांक 52/2026 के तहत धारा 34(2) और 59(क) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, प्रधान आरक्षक मोहन गुप्ता, भोजराम नट तथा आरक्षक दिलीप स्नेही, दिगंबर पटेल, ताराचंद लक्ष्मी पटेल, सूरज सिदार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Scroll to Top