लेंधरा स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर, बच्चों को नशे से बचाव और निःशुल्क कानूनी सहायता की दी गई जानकारी..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायगढ़ के आदेशानुसार 23 नवंबर को शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, इंदिरा आवास लेंधरा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बच्चों को नशे की लत से बचाने, उनके अधिकारों और जरूरत पड़ने पर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

शिविर में पैरालीगल वालेंटियर मधुसुदन वर्मा (थाना बरमकेला) और यशवंत पटेल (थाना डोंगरीपाली) ने नालसा की वर्ष 2025 की योजनाओं DAWN, ASHA, SATHI, SAMVAD, JAGRITI, AWAAZ UTHAO और NALSA @ 30 सहित बच्चों से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। इनमें नालसा बाल मैत्रीपूर्ण विधिक सेवा योजना 2024, DAWN योजना 2025, ASHA योजना 2025 और SHIKSHA योजना 2026 प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

DAWN योजना के तहत नशे से होने वाले नुकसान बताए

शिविर में विशेष रूप से नालसा की DAWN योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके मुख्य उद्देश्य के बारे में बताते हुए कहा गया कि बच्चों और किशोरों को नशे की लत से बचाना, नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देना तथा नशे की समस्या से प्रभावित बच्चों को उचित सहायता और कानूनी मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

बच्चों को बताया गया कि शराब, गांजा, तंबाकू, गुटखा और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य खराब होता है। इसका मस्तिष्क, याददाश्त और शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। नशे की वजह से पढ़ाई में मन नहीं लगता, शैक्षणिक प्रदर्शन कमजोर होता है और परिवार तथा समाज में भी कई तरह की समस्याएं पैदा हो सकती हैं।

गलत संगति से दूर रहने और सहायता लेने की दी गई सलाह

विद्यार्थियों को नशे से बचने के लिए गलत संगति से दूर रहने, किसी के दबाव में आकर नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने और खाली समय में खेलकूद, योग एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की सलाह दी गई। साथ ही नशे से जुड़ी किसी भी समस्या को माता-पिता और शिक्षकों के साथ साझा करने तथा लत की स्थिति में डॉक्टर या नशामुक्ति केंद्र से मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर में यह भी बताया गया कि नशे से प्रभावित बच्चों को अपराधी समझकर प्रताड़ित करने के बजाय उनकी सहायता, सुरक्षा, उपचार और पुनर्वास पर ध्यान देना चाहिए। ऐसे बच्चों को चिकित्सा, परामर्श, नशामुक्ति उपचार, पुनर्वास और उनके अधिकारों की जानकारी के साथ जरूरत पड़ने पर निःशुल्क कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जा सकती है।

जरूरत पड़ने पर इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क

शिविर में बच्चों और शिक्षकों को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें बाल सहायता के लिए 1098, नशामुक्ति संबंधी सहायता के लिए 14446 और निःशुल्क विधिक सहायता के लिए 15100 नंबर बताया गया। बच्चों को समझाया गया कि उनका जीवन अनमोल है और नशा उनके स्वास्थ्य, शिक्षा तथा भविष्य को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। यदि कोई बच्चा नशे की समस्या से प्रभावित है तो उसकी परेशानी छिपाने के बजाय शिक्षक, अभिभावक या संबंधित सहायता केंद्र से मदद लेनी चाहिए। शिविर के माध्यम से उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को नालसा की योजनाओं की जानकारी देते हुए जरूरतमंद बच्चों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

Scroll to Top