लाखों का जमीन घोटाला: फर्जी नामांतरण कर 15 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार..

शेयर करें...

मुंगेली// जिले में जमीन से जुड़ी बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर फर्जी नामांतरण कर लाखों की ठगी की गई। मामले में सरगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रॉपर्टी डीलर छगनलाल वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से फर्जी विक्रयनामा और फर्जी आधार कार्ड भी जब्त किए गए हैं।

Join WhatsApp Group Click Here

फर्जी दस्तावेज बनाकर किया गया जमीन का सौदा

जानकारी के मुताबिक बिलासपुर निवासी सुनील छाबड़ा, जो डीआरएस फार्म्स के पार्टनर हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी छगनलाल वर्मा से भूमि संबंधी कार्यों के लिए इकरारनामा किया गया था। इसके बाद आरोपी ने ग्राम मदकू स्थित जमीन का सौदा कराया। जांच में सामने आया कि उक्त जमीन पहले ही वर्ष 1975 में जॉन एन्ड्रेस के नाम बेची जा चुकी थी, लेकिन नामांतरण नहीं हुआ था।

पुरानी जमीन को फिर से बेचकर रचा षड्यंत्र

नामांतरण नहीं होने का फायदा उठाते हुए आरोपी ने जमीन मालिक फिरंता दास पात्रे के साथ मिलकर उसी जमीन को दोबारा डीआरएस फर्म के नाम पंजीयन करा दिया। इस पूरे मामले में करीब 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड बनाकर दस्तावेज तैयार किए और खुद ही गवाह बनकर लेन-देन की प्रक्रिया पूरी की।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सरगांव पुलिस ने जांच तेज की और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 31 मार्च 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष शर्मा, प्रधान आरक्षक ज्वाला प्रसाद, आरक्षक रिपीन बनर्जी, सूरज धुरी और रामू निषाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Scroll to Top