शेयर करें...
महासमुंद// जिले के खल्लारी मंदिर में हुए रोपवे हादसे के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल सख्त कदम उठाते हुए रोपवे संचालक कंपनी और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशानुसार रोपवे एवं रिसॉर्ट प्राइवेट लिमिटेड कोलकाता, तथा स्थानीय कर्मचारी बीरबल जंघेल और रामेश्वर यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह एफआईआर लापरवाही और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोपों को ध्यान में रखकर दर्ज की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खल्लारी देवी ट्रस्ट द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 173 के अंतर्गत सेक्शन 289 और 125 (ए) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया। जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बता दें कि इस हादसे में कुल 16 लोग घायल हुए थे, जबकि एक महिला की मृत्यु हो गई। घायलों में चार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है, वहीं प्राथमिक उपचार के बाद आठ घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डिस्चार्ज किए गए घायलों में हर्ष साहू, छायांस धावरे, हेमलाल नागेश्वर, कुलसी नागेश्वर, पूर्वी, रतन नागेश्वर, अमलेश और टिया शामिल हैं। बाकी आठ घायलों का इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हादसे के पीछे सुरक्षा नियमों की अनदेखी और लापरवाही की आशंका है। प्रशासन की प्राथमिकता यह है कि सभी घायलों का उचित उपचार सुनिश्चित किया जाए और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए रोपवे संचालन की सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाए। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि हादसे के बाद रोपवे संचालन को फिलहाल रोक दिया गया है। दुर्घटना स्थल का निरीक्षण करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन किया गया। जिला प्रशासन ने हादसे के समय रोपवे पर लगे सुरक्षा उपकरणों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी की जांच के लिए तकनीकी टीम भी गठित की है।
जिला कलेक्टर विनय लंगेह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “हादसा अत्यंत गंभीर है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और भविष्य में सुरक्षा मानकों की पालन न होने की स्थिति में कंपनियों के संचालन पर रोक लगाने के विकल्प पर भी विचार किया जाएगा।” इस हादसे ने स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि रोपवे संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही दिखाई देने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।


