जूटमिल पुलिस की गांजा बिक्री पर एक और बड़ी कार्रवाई, 5 किलो 435 ग्राम गांजा के साथ महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार..

शेयर करें...

रायगढ़// जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जूटमिल पुलिस ने गांजा बिक्री के मामले में एक और कार्रवाई की है। पुलिस ने राजीव गांधी नगर वार्ड क्रमांक 36 में एक मकान पर दबिश देकर गांजा बेचने के आरोप में महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 435 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये है, और बिक्री की नकदी 950 रुपये जब्त की गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

मुखबिर की सूचना पर मकान में दी दबिश

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर 2026 की रात जूटमिल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि राजीव गांधी नगर वार्ड क्रमांक 36 निवासी मारकंडे यादव और उसकी चचेरी बहन रीतु यादव अपने मकान में गांजा छिपाकर अवैध रूप से बिक्री कर रहे हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद थाना प्रभारी जूटमिल ने पुलिस टीम और गवाहों के साथ संदेहियों के मकान पर दबिश दी। पूछताछ के बाद मकान की विधिवत तलाशी ली गई, जहां से दोनों के कब्जे में कुल 5 किलो 435 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा गांजा बिक्री की रकम 950 रुपये भी मिली।

80 हजार का गांजा और नकदी जब्त, NDPS एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई है। मादक पदार्थ और नकदी को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना जूटमिल में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में मारकंडे यादव (21 वर्ष), पिता धनसिंह यादव और रीतु यादव (27 वर्ष), पिता मंगल यादव शामिल हैं। दोनों राजीव गांधी नगर वार्ड क्रमांक 36, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़ के निवासी हैं।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनवकांत सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे, सहायक उप निरीक्षक नरसिंहनाथ यादव, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, लोमश राजपूत, आरक्षक दिनेश गोंड, भूषण मिरी, सुशील यादव, संजय एक्का, गौतम धांगड़ और महिला आरक्षक आशा सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

Scroll to Top