शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मंडी प्रांगण सारंगढ़ में जिला स्तरीय महिला सम्मेलन एवं मड़ई मेला को हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे तथा महिला अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर महिलाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं और खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें कुर्सी दौड़, फुगड़ी, प्रश्नोत्तरी, बैलून गेम, जलेबी दौड़, गेस द मूवी, खो-खो, कबड्डी, दौड़, गोला फेंक और रस्साकशी जैसे खेल शामिल रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महिला सम्मेलन के दौरान विभिन्न विभागों एवं महिला स्वसहायता समूहों द्वारा स्टॉल भी लगाए गए। यहां निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जहां महिलाओं ने स्वास्थ्य जांच कराई और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं प्रशिक्षण प्राप्त किया। जय मां समलाई महिला समूह द्वारा झाड़ू एवं अन्य सामग्रियों का स्टॉल लगाया गया, वहीं अन्नपूर्णा स्व सहायता समूह रिसोरा द्वारा बड़ी-बिजौरी का स्टॉल लगाया गया। कार्यक्रम में चित्रकला प्रदर्शनी तथा कोसीर परियोजना के कार्यकर्ताओं द्वारा सुवा नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ महिला कोष की सक्षम योजना के अंतर्गत चार पात्र महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई। उपासी बरेठ को फैंसी दुकान खोलने के लिए 80 हजार रुपये, लक्ष्मी पटेल को किराना दुकान के लिए 80 हजार रुपये, शशिका सिदार को कृषि कार्य के लिए 80 हजार रुपये तथा संजूक्ता प्राणिग्राही को डेयरी व्यवसाय के लिए 2 लाख रुपये का डेमो चेक वितरित किया गया।
कार्यक्रम में पंचायत, पुलिस, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली चार महिला अधिकारी-कर्मचारियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिले के दो महिला स्व सहायता समूहों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। छिंद की दिशा आदर्श महिला स्व सहायता समूह को छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत “सारबिला-द विलेज बेकरी” के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर सम्मानित किया गया। वहीं ग्राम बैगिनडीह की हीराबाई झरेका को हस्तशिल्प के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए वर्ष 2026 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रीय हस्तशिल्प पुरस्कार मिलने पर महिला दिवस के अवसर पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
महतारी वंदन योजना से सशक्त हुई जिले की 13 महिलाओं को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया। इन महिलाओं ने योजना के अंतर्गत प्राप्त राशि से अपने परिवार के भरण-पोषण एवं अन्य आवश्यक कार्यों में सहयोग कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ संजय कन्नौजे द्वारा “बचपन बचाओ-बाल विवाह रोकथाम” विषय पर तैयार किए गए जागरूकता पोस्टर का भी विमोचन किया गया।
इस अवसर पर सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, सत्ताधारी राजनीतिक दल के जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, एसडीएम वर्षा बंसल, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सारंगढ़ अध्यक्ष ममता सिंह ठाकुर, नगरपालिका सारंगढ़ अध्यक्ष सोनी बंजारे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।



You must be logged in to post a comment.