शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां आपसी विवाद के दौरान एक पिता ने कथित तौर पर अपनी ही 6 माह की मासूम बेटी को दो बार जमीन पर पटक दिया। इस घटना में बच्ची के सिर में गंभीर अंदरूनी चोट आई और वह बेहोश हो गई। घायल मासूम का रायपुर एम्स में इलाज जारी है। मामले में सरस्वती नगर थाना पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 14 अक्टूबर 2026 की रात करीब 1 बजे की है। बीएसयूपी कॉलोनी निवासी आशीष कांवरिया का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर उसने अपनी 6 माह की बच्ची को दो बार जमीन पर पटक दिया। सिर में अंदरूनी चोट लगने से मासूम बेहोश हो गई। इसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने गंभीर धाराओं में दर्ज किया मामला
घटना की जानकारी मिलते ही सरस्वती नगर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 115(2) और 109 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया।
रायपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त रॉबिन्सन गुरिया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. मानसी नाना भाऊ साकोरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चेतन चंद्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष कांवरिया, पिता सुदर्शन कांवरिया, निवासी बीएसयूपी कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल घायल बच्ची का रायपुर एम्स में उपचार जारी है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। महज 6 माह की मासूम के साथ हुई इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।


