शेयर करें...
रायगढ़// चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एक ही दिन में की गई 8 अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसमें 134 टन स्क्रैप के साथ 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक जब्त किए गए कबाड़ की कीमत करीब 50 लाख 75 हजार रुपये है, जबकि जब्त वाहनों की कीमत लगभग 65 लाख रुपये आंकी गई है। पूरी कार्रवाई पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में की गई।
घेराबंदी कर पकड़े गए ट्रक
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अवैध कबाड़ परिवहन और चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त पर निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी क्रम में पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तमनार चौक, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा मेन रोड और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन पकड़े गए, जिनमें मशीनरी पार्ट्स, एंगल, लोहे की छड़ समेत बड़ी मात्रा में स्क्रैप लोड था। वाहन चालकों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात नहीं दिखा सके। इस पर चोरी की आशंका में कबाड़ और वाहन जब्त कर कार्रवाई की गई।
मिनी राइस मिल में भी रेड
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पूंजीपथरा की एक मिनी राइस मिल में मैग्नीज मेटल और पाईलेट लोहे की गोली डंप कर रखी गई है। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर मैग्नीज मेटल की 43 बोरियां (करीब 1290 किलो) और पाईलेट लोहे की 57 बोरियां (करीब 2.28 टन) बरामद कीं।
मौके पर मौजूद प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी से जब इनकी खरीद-फरोख्त के दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद सामग्री जब्त कर उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
कई राज्यों के चालक शामिल
कार्रवाई में ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग क्षेत्रों के वाहन चालक शामिल पाए गए, जो बड़ी मात्रा में स्क्रैप का परिवहन कर रहे थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत चोरी के कबाड़, अवैध स्क्रैप परिवहन और चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाली चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस की कड़ी नजर है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरी कार्रवाई में पूंजीपथरा थाना पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


