मुख्यमंत्री के गृह जिले में 3 करोड़ से भी अधिक का अवैध गांजा जब्त, खाली शराब बोतलों की आड़ में हो रही थी तस्करी..

शेयर करें...

जशपुर// जशपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए 632 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर ट्रक की जांच के दौरान पुलिस ने खाली शराब की बोतलों की आड़ में छिपाकर रखा गया गांजा पकड़ा। बरामद गांजे की कीमत करीब 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजे को ट्रक के जरिए तस्करी कर ले जा रहा था। चेकिंग के दौरान संदेह होने पर ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें खाली शराब की बोतलों के बीच बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा मिला। पुलिस ने गांजे के साथ एक ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3 हजार रुपये नगद भी जब्त किए हैं। ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख और दोनों मोबाइल की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। नगदी समेत कुल जब्ती करीब 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये की है।

दो दिन में 10 क्विंटल से ज्यादा गांजा बरामद

लावाकेरा में यह पुलिस की लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 2 अक्टूबर को एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा थाना पुलिस ने इसी चेकिंग बैरियर से 440 किलो 630 ग्राम गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर महज दो दिनों में लावाकेरा से 1,073 किलो 10 ग्राम यानी 10 क्विंटल से ज्यादा गांजा पकड़ा जा चुका है।

सरगुजा रेंज आईजी के निर्देश पर जशपुर पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सतर्कता और पुलिस टीमों के बेहतर समन्वय से यह बड़ी बरामदगी हुई है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

उत्तर प्रदेश तक पहुंचना था गांजा, नेटवर्क की तलाश

मामले में तपकरा थाना में अपराध क्रमांक 87/2026, धारा 20(बी)(ii)(सी) NDPS Act के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक इसकी डिलीवरी होनी थी। साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है और जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top